पोखरी-विशाल-बामेश्वर सड़क पर हो रहा काम
ग्रामीणों ने डीएम को भेजा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
पोखरी। पीएमजीएसवाई की ओर से पोखरी-विशाल-बामेश्वर सड़क पर कराए जा रहे डामरीकरण कार्य की गुणवत्ता पर ग्रामीणों ने सवाल उठाए हैं। कहा कि सड़क पर डामर बिछते ही उखड़ जा रहा है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजकर मामले की जांच की मांग उठाई।
रणवीर भंडारी, बलदेव, पृथ्वी सिंह, राजेंद्र त्रिपाठी, बृजमोहन चमोला आदि ने कहा कि पीएमजीएसवाई के अधीन 13 किमी लंबी इस सड़क पर डामरीकरण व सुधारीकरण कार्य किया जा रहा है लेकिन डामरीकरण की गुणवत्ता ठीक नहीं है। पानी की निकासी के लिए पक्की नाली का निर्माण नहीं किया गया है। डामरीकरण में बजरी व कंक्रीट के साथ मिट्टी भी मिलाई जा रही है। इससे सड़क पर डामर बिछाते ही उखड़ने लग गया है। उन्होंने जिलाधिकारी से सड़क पर हो रहे कार्यों की जांच करने और कार्यदायी संस्था के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उधर पीएमजीएसवाई के सहायक अभियंता धीरेंद्र सिंह का कहना है कि सड़क पर हो रहे कार्यों की जांच की जाएगी। पक्की नाली का निर्माण करवाया जाएगा। डामरीकरण की गुणवत्ता खराब रही तो कंपनी का भुगतान रोक दिया जाएगा।