स्कीइंग की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर चुकी जोशीमठ रविग्राम की प्रीति डिमरी 18 से 26 फरवरी तक जापान के सपोरो में होने वाली आठवीं एशियन विंटर गेम्स चैंपियनशिप में देश का प्रतिनिधित्व करेंगी। प्रीति ने वर्ष 2014 में औली में हुए राष्ट्रीय शीतकालीन स्कीइंग प्रतियोगिता में दूसरा स्थान प्राप्त किया था।
उत्तराखंड विंटर गेम्स एसोसिएशन के सचिव एलएस मेहता ने बताया कि प्रीति एशियन विंटर गेम्स चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेगी। वहीं, चैंपियनशिप के लिए प्रीति के चयन पर जोशीमठ और चमोली के खेल प्रेमियों में उत्साह है।
प्रीति के कोच अजय भट्ट ने कहा कि प्रीति के चयन के बाद प्रतियोगिता में उसके बेहतर प्रदर्शन की आस है। प्रीति वर्ष 1993 से स्कीइंग करती आ रही हैं। वह अभी तक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 22 मेडल जीत चुकी है, जिसमें से 12 गोल्ड मेडल हैं। वह छह बार अंतरराष्ट्रीय स्तर की स्कीइंग प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर चुकी है।