नौटी में हुई बैठक, आगामी दो दिसंबर को होगा महोत्सव
संवाद न्यूज एजेंसी
कर्णप्रयाग। आगामी 2026 में प्रस्तावित श्रीनंदा राजजात से पहले होने वाले मौडवी महोत्सव की तैयारियों को लेकर नौटी में बैठक हुई। दो दिसंबर को होने वाले मौडवी महोत्सव के लिए जल्द व्यवस्थाओं को पूरा करने का निर्णय लिया गया। इन व्यवस्थाओं के लिए संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां भी दी गईं।
नौटी में उफराई देवी मंदिर में दो दिसंबर से मौडवी महोत्सव का आयोजन होना है। इसके लिए लोनिवि विश्राम गृह में पेयजल, ऊर्जा, लोनिवि, स्वास्थ्य, अलाव सहित अन्य विभागों और समिति की बैठक हुई। बैठक में आवास, पेयजल, बिजली, पथ प्रकाश, सौर लाइट आदि पर चर्चा की गई। कहा गया कि मौडवी के दौरान मंदिरों को भव्य रूप से सजाया जाएगा। बैठक में खंड विकास अधिकारी विजय पुरोहित, जलसंस्थान के सहायक अभियंता दिनेश पुरोहित, स्वास्थ्य विभाग से डाॅ. अभिनव सिंह, उमा माहेश्वर आश्रम के महंत ऐश्वर्यनाथ, मंदिर समिति के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह रावत, श्रीनंदा देवी राजजात समिति के महामंत्री भुवन नौटियाल, प्रधान रीना नौटियाल, निधि देवी, जीआईसी नैणी से गिरीश चंद्र डिमरी आदि मौजूद थे।