विधानसभा सत्र के दौरान 10 मार्च को ग्रामीणों ने सड़क के लिए किया था प्रदर्शन
पुलिस ने बलवा, लोक सेवक पर हमला सहित कई अन्य मामलों में दर्ज की प्राथमिकी
संवाद न्यूज एजेंसी
गैरसैंण। विधानसभा सत्र के दौरान सड़क के लिए प्रदर्शन करने के मामले में ब्लॉक के चोरड़ा गांव की ममंद अध्यक्ष, ग्राम प्रधान समेत 20 से 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने बलवा, लोक सेवक पर हमला सहित बीएनएस की कई अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।
भराड़ीसैंण विधानसभा में बजट सत्र के दौरान बीते 10 मार्च को चोरड़ा के ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया था। इस दौरान गांव के लिए सड़क की मांग को लेकर चोरड़ा के प्रधान सूरज सिंह, ममंद अध्यक्ष कविता देवी व प्रेम सिंह के साथ कई अन्य लोग भी प्रदर्शन करते हुए विधानसभा परिसर के पास तक पहुंच गए थे। इस दौरान सुरक्षा में लगी पुलिस की ओर से सभी प्रदर्शनकारियों को पूर्वाह्न 11 बजे हिरासत में लेकर वाहन से अस्थायी जेल मालसी ले जाया गया। कोतवाली के एसएचओ मनोज सिरौला ने कहा कि बलवा, लोक सेवक पर हमला, गृह अतिचार सहित अन्य मामलों में चोरड़ा के सूरज सिंह, प्रेम सिंह, कविता देवी व अन्य 20 से 30 अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है। सभी के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है।