राज्य स्तरीय विद्यालयी बालिका बैडमिंटन प्रतियोगिता का समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। खेल मैदान गोपेश्वर के बैडमिंटन हॉल में आयोजित राज्य स्तरीय विद्यालयी बालिका बैडमिंटन प्रतियोगिता संपन्न हो गई। प्रतियोगिता में अल्मोड़ा के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। टीम इवेंट के तीनों आयु वर्गों के खिताब अल्मोड़ा की टीम ने अपने नाम किए। वहीं व्यक्तिगत स्पर्धाओं में भी अल्मोड़ा की खिलाड़ियों ने दो खिताब जीते।
व्यक्तिगत स्पर्धा के अंडर-19 आयु वर्ग के फाइनल में देहरादून की सलोनी ने अल्मोड़ा की दिशा को 2-0 से हराकर खिताब जीता। अंडर-14 वर्ग में अल्मोड़ा की अनोखी ने चमोली की ज्योति को हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। वहीं अंडर-17 वर्ग के फाइनल में अल्मोड़ा की प्रतिभा ने पिथौरागढ़ की दीपशिखा को हराकर जीत का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता के आयोजन में डॉ. हीरा सिंह, अनूप रावत, पृथ्वी रावत, विक्रम कठैत, अजय फरस्वाण, बसंती फरस्वाण और कृष्णा रावत आदि ने सहयोग किया।