ठेकेदार संघ चमोली ने लोनिवि और राजकीय सिंचाई विभाग के अधिकारियों पर खुली निविदा के बजाय कुछ ठेकेदारों को अनुबंध के आधार पर विकास योजनाओं के निर्माण का कार्य सौंपने का आरोप लगाया। ठेकेदार संघ ने चेतावनी दी यदि बिना खुली निविदा के किसी भी ठेकेदार को कार्य दिया गया तो आंदोलन शुरू कर देंगे।
ठेकेदार संघ ने लोनिवि गोपेश्वर के अधिशासी अभियंता को इस संबंध में ज्ञापन भेजा। उन्होंने कहा कि कुछ निविदाएं समाचार पत्रों में प्रकाशन के बिना ही आवंटित की जा रही हैं जिससे स्पष्ट है कि कुछ चहेते ठेकेदारों को यह निविदाएं दी जा रही हैं। उन्होंने 10 प्रतिशत जमानती राशि भी अवमुक्त कराने की मांग की। ज्ञापन भेजने वालों में प्रदीप सिंह, तेजेंद्र सिंह, प्रमोद सिंह, विक्रम सिंह, मनवर सिंह, गोविंद, प्रकाश आदि शामिल रहे। इधर, लोनिवि के ईई सुरेंद्र पटवाल का कहना है कि सभी कार्ययोजनाएं निविदा के आधार पर आवंटित की जा रही हैं। जिला योजना की छोटी-छोटी योजनाओं की निविदा नहीं की गई। अब सभी योजनाओं की निविदाएं आमंत्रित की जाएंगी।