बृहस्पतिवार को सुबह दस बजे चमोली जिला प्रशासन को राज्य मौसम विभाग के भारी बारिश का अलर्ट प्राप्त होने के बाद भी बदरीनाथ और हेमकुंड आने वाले तीर्थयात्रियों को रोका नहीं गया। अतिवृष्टि से शुक्रवार को बदरीनाथ हाईवे नंदप्रयाग से पीपलकोटी तक पांच स्थानों पर बंद रहा और करीब तीन हजार तीर्थयात्री चमोली, पीपलकोटी, जोशीमठ और नंदप्रयाग में फंसे रहे।
मैठाणा और चमोली बाजार के पास बरसाती गदेरे शुक्रवार को सुबह पांच बजे उफान पर आने से दिनभर हाईवे अवरुद्ध रहा और तीर्थयात्री हाईवे खुलने का इंतजार करते रहे। जगह-जगह फंसे तीर्थयात्रियों के लिए प्रशासन की ओर से खाने और रहने की कोई व्यवस्था नहीं कराई गई।
वहीं डीएम विनोद कुमार सुमन का कहना है कि चमोली जनपद में भारी बारिश का अलर्ट नहीं होने से तीर्थयात्रियों को रोका नहीं गया। जनपद में कहीं भी असुरक्षित स्थानों पर तीर्थयात्री फंसे नहीं हैं। शनिवार तक बदरीनाथ हाईवे आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा। घाट ब्लॉक के कुमारतोली तोक के प्रभावित ग्रामीणों के लिए खाने और रहने की व्यवस्था कर दी गई है।