टिड्डी दल के संभावित प्रकोप को देखते हुए चमोली जिले में कृषि विभाग ने सभी किसानों को अलर्ट रहने और फसलों पर इसके हमले को रोकने के लिए उचित प्रबंधन करने की सलाह दी है। साथ ही हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं।
मुख्य कृषि अधिकारी राम कुमार दोहरे ने बताया कि किसी भी क्षेत्र में टिड्डी दल के आगमन होने पर उसकी जानकारी तत्काल संबंधित क्षेत्र के न्याय पंचायत से लेकर जिला स्तर के अधिकारियों को दी जाए। टिड्डी दल की पहचान एवं उसके प्रबंधन के संबंध में किसी भी जानकारी के लिए कार्यालय के दूरभाष नंबर 01372 253912 और मोबाइल नंबर 9412904262 पर संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि अनियमित वर्षा, अधिक तापमान एवं मृदा में नमी की कम मात्रा टिड्डियों के संक्रमण को पर्वतीय क्षेत्रों में बढ़ा सकते हैं। उन्होंने किसानों को अपने खेतों की नियमित देखभाल करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि टिड्डियों के रासायनिक तौर पर नियंत्रण करने के लिए कीटनाशक का छिड़काव करें।