प्रशासन ने नदी किनारे जाने पर लगाई रोक, तीर्थपुरोहित लौटे
घाओं पर एसडीआरएफ की गई तैनात
संवाद न्यूज एजेंसी
बदरीनाथ। अलकनंदा नदी का जलस्तर बढ़ने से बदरीनाथ धाम में सभी घाट जलमग्न हो गए हैं। दोपहर बाद ब्रह्मकपाल तक नदी का पानी आ गया जिस कारण तीर्थ पुरोहितों को वहां से जाना पड़ा और ब्रह्मकपाल क्षेत्र को खाली करा दिया गया। वहीं प्रशासन ने नदी किनारे जाने पर रोक लगा दी है और घाटों पर एसडीआरएफ को तैनात कर दिया गया है।
बदरीनाथ धाम में कई दिनों से अलकनंदा उफान पर बह रही है लेकिन सोमवार को ऊपरी क्षेत्र में बारिश होने से जलस्तर और तेजी से बढ़ने लगा। देखते ही देखते सभी घाट जलमग्न हो गए। ब्रह्मकपाल में भी नदी का पानी आ गया है। तत्पकुंड के पास से नदी बह रही है। सुरक्षा की दृष्टि से नदी किनारे जाने पर रोक लगा दी गई है। वहीं ब्रह्मकपाल के तीर्थपुरोहित मदन कोठियाल ने बताया कि नदी का पानी तेजी से बढ़ने के कारण हमें दोपहर तीन बजे वहां से आना पड़ा। पिंडदान और तर्पण कराने वाले स्थान पर पानी भर गया है। ब्रह्मशिला तक पानी बह रहा है। एसडीआरएफ ने सुरक्षा की दृष्टि से ब्रह्मकपाल क्षेत्र को खाली करा दिया है। वहीं एसडीएम चंद्रशेखर वशिष्ट ने बताया कि नदी के जलस्तर को देखते हुए पुलिस, एसडीआरएफ और फायर की टीमें मौके पर तैनात हैं।