उड़ान योजना के तहत गौचर हवाई पट्टी से हेली सेवा शुरू करने के लिए प्रशासन और नागरिक उड्डयन विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। गौचर हवाई पट्टी पर प्रशासन ने काउंटर, चेकिंग व्यवस्था और यात्रियों के सामान रखने के इंतजाम पूरे कर लिए हैं। हेली सेवा दिन में दो बार चलेंगी। अगर मौसम ठीक रहा तो जल्द ही हेली यात्रा का संचालन शुरू शुरू हो जाएगा।
सहस्त्रधारा देहरादून से गौचर तक हेरिटेज कंपनी की ओर से हेली सेवाओं का संचालन किया जाना है। नायब तहसीलदार मानवेंद्र बर्त्वाल ने बताया कि मौसम ठीक रहा तो जल्द छह सीटर हवाई सेवा शुरू कर दी जाएंगी। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। देहरादून से गौचर और गौचर से देहरादून के बीच हवाई सेवा शुरू होने के बाद सरकार की उड़ान योजना के तहत गौचर से श्रीनगर और जोशीमठ के लिए हवाई सेवा शुरू करने की भी योजना है। नागरिक उड्डयन एवं पर्यटन सचिव दिलीप जावलकर ने बताया कि उड़ान योजना के तहत सस्ती हवाई सेवा शुरू करने के लिए सहस्त्रधारा देहरादून से गौचर के लिए प्रति यात्री किराया लगभग 2200 रुपये निर्धारित किया गया है और यात्री 25 से 35 मिनट में सफर पूरा कर लेंगे। उन्होंने बताया कि इस हवाई सेवा के शुरू होने से तीर्थाटन और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।