पोस्ट ऑफिस गौचर में चार दिनों से उपभोक्ताओं का काम न होने से गुस्साए लोगों ने डाकघर में हंगामा कर डाककर्मियों को खरी-खोटी सुनाई। उन्होंने निगम से कार्यप्रणाली में सुधार लाने की बात कही।
सोमवार को मनोज शैली, डा. अनिल लखेड़ा, दिनेश शैली सहित अन्य ग्रामीण क्षेत्रों से पोस्ट आफिस आए उपभोक्ताओं ने बताया कि चार दिनों में दो दिन डाकघर बंद रहा।
दो दिनों से डाकघर के कर्मचारियों की ओर से नेटवर्क कनेक्टिविटी न होना बताया जा रहा है, जिससे उपभोक्ताओं के कार्य नहीं हो पा रहे हैं और चार दिनों से उपभोक्ताओं को घंटों इंतजार करने के बाद बैरंग लौटना पड़ रहा है।
पोस्ट आफिस गौचर के पोस्ट मास्टर वृजेश ममर्गाइं ने बताया कि उपभोक्ता ज्यादा होने और 15 अन्य उप डाकघर भी इससे जुड़े होने से काम ज्यादा है। कनेक्टिविटी नहीं होने समस्या हो रही है, लेकिन व्यवस्था को सुधारने के प्रयास किए जा रहे हैं।
डाक अधीक्षक चमोली डीएस परमार ने बताया कि सीबीएस डाटा सिस्टम शुरू होने से गौचर पोस्ट आफिस को दो दिन बंद रखा गया था। कनेक्टिविटी ठीक कर दी गई है और उपभोक्ताओं को ऐसी समस्याएं नहीं होने दी जाएंगी।