-आपदा प्रभावितों का धरना जारी, मशीनें खड़ी, ट्रीटमेंट कार्य नहीं हो पाया शुरू
-बहुगुणानगर में सुरक्षा कार्यों के लिए सिंचाई विभाग को मिली है 50 करोड़ की स्वीकृति
- भूधंसाव प्रभावितों के विरोध के चलते 10 दिन से खड़ी हैं मशीनें, 50 करोड़ के सुरक्षा कार्य शुरू नहीं हो सके
कर्णप्रयाग। बदरीनाथ हाईवे स्थित नगर पालिका के बहुगुणानगर मोहल्ले में भूधंसाव प्रभावितों का धरना शनिवार को दसवें दिन भी जारी रहा। मुआवजे की मांग को लेकर स्थानीय लोगों के विरोध के चलते सिंचाई विभाग के 50 करोड़ रुपये के स्वीकृत सुरक्षा कार्य अब तक शुरू नहीं हो पाए हैं और मंडी समिति में भेजी गई मशीनें पिछले दस दिनों से खड़ी हैं।
बीते तीन वर्षों से भूधंसाव की चपेट में आए बहुगुणानगर में 38 से अधिक परिवार प्रभावित हैं। यहां 187 मीटर क्षेत्र में सुरक्षा कार्य प्रस्तावित हैं। प्रभावितों का कहना है कि कई परिवार घर छोड़ चुके हैं, जबकि कुछ लोग दरके हुए मकानों में रहने को मजबूर हैं। सुभाषनगर क्षेत्र में भी हालात खराब बने हुए हैं।
प्रभावितों ने बताया कि वे एसडीएम, विधायक और अन्य अधिकारियों से वार्ता कर चुके हैं, लेकिन मुआवजा मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा। धरने में पुष्कर सिंह रावत, सभासद रीना रावत, कमला रतूड़ी, आदित्यराम बहुगुणा, उर्मिला डिमरी, सबीना, सुनीता, सरिता और विनीता सती समेत कई लोग शामिल रहे।