लॉकडाउन के कारण सुदूरवर्ती ल्वाणी, घूनी, रामणी, पडेरगांव और आसपास के गांवों के ग्रामीण गैस सिलिंडर नहीं भरवा पा रहे थे। शुक्रवार को जिला प्रशासन व देवकी इंडेन गैस सर्विस नंदप्रयाग की पहल पर क्षेत्र में ही रसोई गैस सिलिंडरों का ट्रक पहुंचा तो ग्रामीणों को गैस मिली।
अभी तक ग्रामीण सिलिंडर भरवाने के लिए 35 किलोमीटर दूर घाट बाजार जाते थे। लॉकडाउन के कारण जिला प्रशासन ने नंदप्रयाग में देवकी इंडेन गैस एजेंसी के सहयोग से क्षेत्र में ही गैस वितरण की व्यवस्था कराई। रामणी गांव के ग्राम प्रधान सूरज पंवार ने बताया कि क्षेत्र में ही रसोई गैस सिलिंडरों का वाहन पहुंचने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने कहा कि लॉकडाउन में जरूरी सेवाओं की कहीं भी कोई दिक्कत नहीं आने दी जाएगी।