थराली आपदा
थराली। अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश ने सोमवार को थराली क्षेत्र में अतिवृष्टि से प्रभावित स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चेपड़ो में आपदा प्रभावित परिवारों से भेंटकर उनका हाल जाना और उनके दुःख को साझा करते हुए प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। एडीएम ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जिले में जारी बारिश के ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए सभी लोग सुरक्षित स्थानों पर प्रशासन की ओर से बनाए गए आपदा राहत केंद्रों पर पहुंचें। केंद्रों में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। कहा कि प्रशासन गंभीरता के साथ प्रभावित क्षेत्रों में कार्य कर रहा है और आमजन की सुरक्षा एवं सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस दौरान उनके साथ एसडीएम अबरार अहमद मौजूद रहे। संवाद