जोशीमठ। तमिल व हिंदी फिल्म के अभिनेता रजनीकांत रविवार को भगवान बदरीविशाल की अभिषेक पूजा में शामिल हुए। उसके बाद वे देश के प्रथम गांव माणा पहुंचे और व्यास गुफा, गणेश गुफा और सरस्वती नदी के दर्शन किए।
फिल्म अभिनेता रजनीकांत दो दिवसीय दौरे पर शनिवार को बदरीनाथ पहुंचे थे। रविवार को रजनीकांत बदरीनाथ की अभिषेक पूजा में शामिल हुए और रावल ईश्वर प्रसाद नंबूदरी ने उन्हें बदरीनाथ के अंगवस्त्र और चंदन भेंट की। पूजा-अर्चना के बाद वे माणा गांव पहुंचे। माणा से लौटते समय वे ज्योतिष्पीठाधीश्वर शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के शेषनेत्र आश्रम पहुंचे। वहां पर उन्होंने ज्योतिरीश्वर महादेव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। ज्योतिर्मठ के प्रभारी मुकुंदानंद ब्रह्मचारी ने उन्हें धाम का महातम्य बताया। रविवार को भी रजनीकांत बदरीनाथ में ही रुके रहे। इस दौरान बदरीनाथ कोतवाल कैलाशचंद्र भट्ट, सुनील पुरोहित, शिवानंद उनियाल आदि मौजूद रहे। संवाद