थर्टी फर्स्ट और नए साल के जश्न पर पुलिस पैनी नजर रखेगी। शराब पीकर वाहन चलाने और हुड़दंग मचाने वालों के विरुद्ध पुलिस की ओर से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल ने इस संबंध में वीडियो कांफ्रेंस कर थाना और चौकी प्रभारियों की बैठक ली। उन्होंने नव वर्ष के मौके पर की जाने वाली सुरक्षा व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। उन्होंने सभी पर्यटन स्थलों व शहरी क्षेत्रों में शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखने व शराब पीकर हुड़दंग मचाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अधिक से अधिक महिलाओं का गौरा शक्ति एप में पंजीकरण करने, ग्राम चौपाल के तहत आम लोगों को साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, बाल अपराध, मानव तस्करी के बारे में जानकारी देने व उन्हें जागरूक करने के लिए कहा गया। पुलिस अधीक्षक ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, ओवरलोडिंग व नाबालिग द्वारा वाहन न चलाने के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाने के लिए कहा। इस मौके पर पुलिस उपाधीक्षक प्रमोद शाह, अमित सैनी, प्रतिसार निरीक्षक रविकांत सेमवाल और विजय प्रकाश सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
होटल में ठहरने वाले व्यक्ति की आईडी अवश्य लें
श्रीनगर। नववर्ष के उपलक्ष्य में होने वाले जश्न को देखते हुए पुलिस क्षेत्राधिकारी ने कोतवाली में आवश्यक बैठक बुलाई। इस मौके पर पुलिस ने होटल एसोसिएशन श्रीनगर, श्रीकोट व खिर्सू के पदाधिकारियों को कानून और शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। कहा कि इस दौरान सभी होटलों में शराब के सेवन और हुड़दंग पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। होटल में ठहरने वाले व्यक्ति की आईडी और रजिस्टर में उसका नाम, पता व फोन नंबर जरूर अंकित करें। किसी भी प्रकार की घटना होने पर इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। साथ ही डीजे आदि का उपयोग करने पर नियमों का ध्यान रखें। संवाद