उक्रांद ने जांच की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। उक्रांद ने बदरीनाथ हाईवे पर हेलंग-मरवाड़ी बाईपास निर्माण में अनियमितता का आरोप लगाया। उन्होंने जिलाधिकारी गौरव कुमार को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच कराने की मांग की।
उक्रांद के जिला महामंत्री सुबोध बिष्ट व कार्यकारी अध्यक्ष पंकज पुरोहित ने ज्ञापन में कहा कि बाईपास निर्माण में स्वीकृति के बिना मलबा सीधे अलकनंदा नदी में डाला जा रहा है। इससे अलकनंदा नदी पर पर्यावरणीय संकट पैदा हो गया है। जलीय जीवों को भी इससे नुकसान हो रहा है। साथ ही उन्होंने निर्माण क्षेत्र में लगातार विस्फोट करने का आरोप लगाया। कहा कि ज्योतिर्मठ नगर क्षेत्र के ठीक नीचे ब्लास्टिंग की जा रही है ज्योतिर्मठ नगर पहले ही भू धंसाव का दंश झेल रहा है। ऐसे में विस्फोटों का नगर पर दूरगामी परिणाम पड़ सकता है।उन्होंने निर्माण कार्य पर्यावरणीय नियमों के अनुरूप कराने की मांग की। कहा यदि समय रहते इस दिशा में कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा। संवाद