बिना आधार कार्ड लिंक हुए पेंशन उपभोक्ताओं की पेंशन समाज कल्याण विभाग एक जनवरी से बंद कर देगा। अभी तक विभाग करीब 45 फीसदी पेंशनधारकों की पेंशन आधार नंबर से जोड़ सका है। सरकारी योजनाओं के तहत मिलने वाली सभी सुविधाओं को आधार नंबर से ऑनलाइन किया जा रहा है। इसमें मनरेगा श्रमिक, सरकारी राशन उपभोक्ता के साथ-साथ समाज कल्याण विभाग की पेंशन योजनाओं के उपभोक्ता और रसोई गैस के उपभोक्ता शामिल हैं।
सबसे बुरे हाल समाज कल्याण के हैं। यहां अब भी 55 प्रतिशत से अधिक पेंशनधारकों के आधार नंबर लिंक नहीं हो पाए हैं, जबकि विभाग एक जनवरी से पेंशन बंद करने की बात कह रहा है। ऐसे में दिसंबर माह के बचे बीस दिनों में विभाग कैसे 55 प्रतिशत पेंशनधारकों के आधार लिंक कर पाएगा यह सवाल है। जिले में कई वृद्धों और दिव्यांगों के अब भी आधार नहीं बने हैं। प्रभारी जिला समाज कल्याण अधिकारी बीएल पलेठा का कहना है कि विभाग आधार लिंक करने के प्रयास तेजी से कर रहा है। शिविर लगाकर भी आधार कार्ड बनवाए जा रहे हैं। आधार लिंक न होने पर जनवरी से पेंशन बंद हो सकती है।
गैस सब्सिडी और राशन पर भी संकट
इंडेन गैस एजेंसी कर्णप्रयाग में 24 हजार उपभोक्ता पंजीकृत हैं, लेकिन अभी तक महज आठ हजार ने ही आधार नंबर लिंक कराया है। ऐसे में शेष उपभोक्ताओं की सब्सिडी बंद हो गई है। जिले के नौ ब्लाकों में बनाए गए 87168 राशन कार्डों में 3,62636 यूनिटें दर्ज हैं, लेकिन अभी तक विभाग केवल 44 फीसदी यूनिटों को ही आधार नंबर से लिंक कर पाया है। शेष 56 प्रतिशत यूनिटों के राशन पर संकट है। मनरेगा में 86 प्रतिशत से अधिक श्रमिकों के जॉबकार्ड आधार से लिंक हो चुके हैं। शेष 14 प्रतिशत श्रमिकों के आधार लिंक नहीं हुए तो श्रमिकों को काम मिलने पर रोक लग सकती है।
योजनाएं उपभोक्ता आधार कार्ड से जुड़े
वृद्धा पेंशन 17231 7330
विधवा पेंशन 7320 3834
दिव्यांग पेंशन 3048 1354
मनरेगा जॉबकार्ड 108307 86650
राशन कार्ड यूनिट 362636 159643