केरल के पर्यटकों का छह सदस्यीय दल सतोपंथ ट्रैक का सैरसपाटा करने के बाद बृहस्पतिवार को बदरीनाथ धाम लौटा। इस साल ट्रेकरों का यह पहला दल था, जो सतोपंथ ट्रैक पर पहुंचा। माउंटेन ट्रेक्स के नेतृत्व में पर्यटकों का दल सतोपंथ पहुंचा था। टीम लीडर विमल मलासी, वेणु गोपाल और आरके नायर ने बताया कि लॉकडाउन के कारण पर्यटकों की कम आवाजाही से सतोपंथ में प्रकृति में भी तरोताजगी का एहसास हुआ। सतोपंथ झील बेहद मनमोहक है। माउंटेन ट्रेक्स के राहुल मेहता बताते हैं कि कोरोना महामारी के कारण अभी तक ट्रैक सूने पड़े थे। अब पर्यटकों की आवाजाही शुरू होने से कुछ राहत मिली है। 27 सितंबर को पर्यटकों का दल सतोपंथ पहुंचा था, जो पांचवें दिन बृहस्पतिवार को सकुशल बदरीनाथ धाम पहुंच गया है।