ऐरठा गांव के लिए स्वीकृत आठ किमी सड़क अभी तक नहीं बनी
संवाद न्यूज एजेंसी
देवाल। सड़क न होने पर ब्लॉक के ऐरठा गांव की बीमार महिला हिमांती देवी को ग्रामीणों ने डंडी की मदद से पांच किमी पैदल चलकर सड़क तक लाए फिर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद महिला को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
वर्ष 2021 में आठ किमी सड़क स्वीकृत होने के बाद भी आज भी ऐरठा गांव के ग्रामीणों को सड़क सुविधा का लाभ नहीं मिल पाया है। ग्राम प्रधान प्रेमा देवी ने बताया कि गांव के लिए पदमल्ला- कंजरू-ऐरठा सड़क स्वीकृत हुई थी लेकिन चार साल बाद भी सड़क नहीं बन पाई। बृहस्पतिवार को भी गांव की एक महिला की तबीयत अचानक खराब होने पर उसे डंडी के सहारे पांच किमी पैदल चलकर सड़क तक लाए। इसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया। राजेंद्र राम, पूरन राम, भवान राम, दिनेश, रमेश, प्रताप, कुंवर राम, गणेशी देवी, बिमला देवी, त्रिलोक राम, कांति देवी, कला देवी, दीपा देवी आदि ने मरीज को अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने सड़क कटिंग का काम जल्द शुरू नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। वहीं लोनिवि के अधिशासी अभियंता रमेश चंद्र ने बताया कि पदमल्ला-कंजूरू-ऐरठा सड़क के लिए भूमि का कुछ विवाद चल रहा है जिसे सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है।