बाजार में लावारिस घूम रहे गोवंश खेती कर रहे नष्ट, गोशाला में आकर खा रहे चारा
देवस्थान के ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ किया प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
पोखरी। बाजार में लावारिस घूम रहे गोवंश से आस-पास के ग्रामीण परेशान हैं। बृहस्पतिवार को देवस्थान के ग्रामीण लावारिस गोवंश पकड़े और बाजार में आक्रोश रैली निकाली। इसके बाद वह तहसील परिसर पहुंचे और सभी गोवंशों को वहां बांध दिया और प्रदर्शन किया। इसको लेकर तहसील में खूब गहमागहमी की स्थिति बनी रही। तहसीलदार की ओर स गोवंश को गोसदन शिफ्ट करने के आश्वासन पर वह शांत हुए।
देवस्थान के ग्रामीणों ने कहा कि लावारिस गोवंश ने उनकी खेती-बाड़ी और साग, सब्जी नष्ट कर दी है। खेतों में गायों के झुंड के झुंड घुसकर फसल को चट कर जाते हैं। रात में गोशाला में घुसकर चारे को खा जाते हैं। इसके विरोध में ग्रामीणों ने नगर में घूम रहे गोवंश को एकत्रित किया और रैली निकालते हुए तहसील परिसर पहुंचे। लोगों ने गोवंशों को तहसील के पिलर के सहारे रस्सी से बांधा और प्रदर्शन किया। वहीं तहसीलदार किशोर सिंह रौतेला ने पशुपालन विभाग के फार्मासिस्ट आशीष रावत को गोवंश की चेकिंग करने को कहा, फार्मासिस्ट ने बताया कि गोवंशों पर टैग नहीं हैं, उनके टैग काटकर उन्हें छोड़ा गया है। तहसीलदार ने कहा कि शुक्रवार को नगर पंचायत और ग्रामीणों के साथ बैठक की जाएगी जिसके बाद लावारिस गोवंश को गोसदन में भेजा जाएगा। आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने गायों को तहसील परिसर से हटा दिया। इस दौरान वत्सला सती, रामेश्वरी देवी, जितेंद्र सती, कालिका प्रसाद, वेद प्रकाश, फतेराम सती, कविता सती, शांता देवी, दर्शनी देवी, रीना सती, कमला देवी, ज्योति देवी, प्रियंका देवी आदि ग्रामीण मौजूद रहे।