- जुलाई में स्वास्थ्य विभाग को मिल जाएगा ड्रग वेयर हाउस
विज्ञापन
गोपेश्वर। जिला स्वास्थ्य विभाग को अब दवाइयों के भंडारण के लिए पर्याप्त जगह मिलेगी। जिला योजना के तहत करीब 25 लाख रुपये की लागत से ड्रग वेयर हाउस का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। यह कार्य आगामी जुलाई तक पूरा होने की उम्मीद है। पुराने ड्रग वेयर हाउस के कक्ष बदहाल स्थिति में पहुंच गए थे। यहीं से जिला अस्पताल, उपजिला अस्पताल, सीएचसी, पीएचसी और हेल्थ वेलनेस सेंटर को दवाएं भेजी जाती हैं। जनपद के 150 सरकारी अस्पतालों के लिए भी यहीं से दवाइयां सप्लाई होती हैं। कक्ष छोटे होने के कारण दवाइयों की पेटियां बरामदे में रखी रहती थीं। स्वास्थ्य विभाग को नया ड्रग वेयर हाउस बनाने के लिए भूमि नहीं मिल रही थी। इसलिए अब पुराने भवनों के ऊपर फेब्रिकेटेड कक्ष का निर्माण किया जा रहा है।
मुख्य फार्मेसी अधिकारी जीएल आर्य ने बताया कि ड्रग वेयर हाउस का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। उन्होंने जानकारी दी कि आगामी जुलाई माह तक इसका निर्माण कार्य पूर्ण हो जाएगा। इसके बाद दवाइयों को रखने के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध होगा।