ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
कहा, 2.50 किमी सड़क के लिए तीन वर्ष पहले से स्वीकृत हैं 44 लाख रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। दशोली ब्लॉक के अनसूया गांव के ग्रामीणों ने संतानदायिनी माता अनसूया देवी मंदिर तक सड़क निर्माण की मांग उठाई। उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन भेजा। उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों से अनसूया गेट (मंडल) से संगूड़ पैदल पुल तक 2.50 किलोमीटर मार्ग निर्माण कार्य प्रस्तावित है। इसके लिए करीब 44 लाख रुपये का बजट भी स्वीकृत हो चुका है लेकिन कुछ ग्रामीण काश्तकारों की भूमि संबंधी आपत्तियों के कारण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है।
अनसूया मंदिर के पुरोहित जय प्रकाश तिवाड़ी और अन्य ग्रामीणों ने कहा कि लोनिवि के अधिकारी ग्रामीणों के बीच सहमति बनाकर शीघ्र सड़क निर्माण कार्य शुरू करें। कहा गया कि करीब 12 वर्ष पूर्व माता अनसूया देवी मार्ग से जोड़ने के उद्देश्य से सिरोली गांव के समीप 30 मीटर आरसीसी पुल का निर्माण किया गया था। मगर पुल का उपयोग मार्ग के लिए नहीं होने से सरकारी धन का सदुपयोग नहीं हो पा रहा है। ऐसे में अनसूया गांव के छात्र-छात्राओं को स्कूल और मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने में करीब चार किमी की पैदल दूरी तय करनी पड़ रही है। इधर, लोनिवि के अधिशासी अभियंता तनुज कांबोज का कहना है कि अनसूया सड़क निर्माण के लिए ग्रामीणों से वार्ता की जा रही है। जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।