ज्योतिर्मठ। बदरीनाथ हाईवे पर लामबगड़ के पास अलकनंदा नदी पर बीआरओ ने पुल बना दिया है। यात्रा के दौरान इस पुल से वाहनों की आवाजाही शुरू हो जाएगी जिससे यहां पर लगने वाले जाम से भी मुक्ति मिल जाएगी।
बदरीनाथ हाईवे पर लामबगड़ के पास अलकनंदा नदी पर बना पुल वर्ष 2013 की आपदा में ध्वस्त हो गया था जिसके बाद बीआरओ ने यहां बैली ब्रिज बनाया था। तब से बैली ब्रिज से ही वाहनों का आवागमन हो रहा है। मगर इस पर एक बार में एक वाहन ही निकल सकता है साथ ही यहां हाईवे भी संकरा था। ऐसे में यहां जाम लग जाता था। मगर अब बीआरओ ने यहां पक्का पुल बना दिया है। साथ ही हाईवे भी यहां चौड़ा किया गया है। एसडीएम चंद्रशेखर वशिष्ठ ने बताया कि लामबगड़ में पुल बनकर तैयार है। यात्रा के शुरुआत में ही इस पर वाहनों का आवागमन शुरू हो जाएगा। इससे यहां लगने वाले जाम से निजात मिल जाएगी और यात्रियों के वाहन आसानी से आ जा सकेंगे।