चंद्रशिला पट्टी के गांवों में लगातार मवेशियों को मार रहा भालू, ग्रामीणों में दहशत संवाद न्यूज एजेंसी पोखरी (चमोली)। चंद्रशिला पट्टी के ग्रामीण क्षेत्रों में भालू की दहशत बढ़ती जा रही है। बीती रात भालू ने कांडई चंद्रशिला गांव में गौशाला तोड़कर अंदर बंधे बैल को मार डाला जिससे ग्रामीण परेशान हैं।
बीती रात भालू ने ताजबर सिंह भंडारी की गौशाला तोड़कर बैल को मार दिया, वहीं एक रात पहले रडुवा गांव में भालू ने गाय को मार डाला था। इससे पूर्व सिदेली, जौरासी, किमोठा, डुंगर, बंगथल, भिकोना, और कांडई चंद्रशिला सहित कई गांवों में भालू मवेशियों को मार चुका है।
विज्ञापन
घटना की सूचना पर केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग के उप प्रभागीय वनाधिकारी मोहन सिंह के नेतृत्व में वन क्षेत्राधिकारी कपिल गुसाईं सहित वनकर्मी मौके पर पहुंचे। टीम ने कांडई चंद्रशिला, किमोठा और डुंगर गांवों में पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
उप प्रभागीय वनाधिकारी मोहन सिंह ने बताया कि भालू को पकड़ने के लिए क्षेत्र में पिंजरा लगा दिया गया है, वह टीम के साथ तीन दिन से रात में गश्त कर रहे हैं। भालू को जल्द पकड़ने और ट्रेंकुलाइज करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
इंसेट-
तहसील परिसर में चौथे दिन भी धरना जारी
भालू के आतंक से निजात दिलाने की मांग को लेकर क्षेत्रीय ग्रामीणों का तहसील परिसर में चौथे दिन भी क्रमिक अनशन जारी रहा। धरने पर किमोठा के प्रधान हरिकृष्ण किमोठी, धीरेंद्र राणा, मंदोदरी पंत, अमरदेव भट्ट और सुशीला देवी आदि बैठे रहे। ग्रामीणों ने भालू को जल्द पकड़ने और क्षेत्र में मवेशियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।