पीपलकोटी (चमोली)। बदरीनाथ विधायक राजेंद्र भंडारी ने दशोली ब्लॉक के मठ, बेमरु, गुनियाला, बेडू माथर, सुरिंडा, झडे़ता, बजनी और स्यूंण गांवों का पैदल भ्रमण कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने विधायक को बिजली, पानी, सड़क दूरसंचार और स्वास्थ्य से संबंधित समस्याएं गिनाईं।
बैमरु गांव के ग्राम प्रधान रविंद्र नेगी ने कहा कि पीएमजीएसवाई के तहत निर्मित पीपलकोटी-मठ-बेमरु सड़क खस्ताहाल पड़ी है। सड़क निर्माण के दौरान बैमरु गांव के पैदल रास्ते पर मलबा डाल दिया गया जो आवाजाही के लिए परेशानी का सबब बना है। महिला मंगल दल अध्यक्ष पुष्पा देवी ने कहा कि मठ-बैमरु क्षेत्र में बिजली के तार हवा में झूल रहे हैं। ऊर्जा निगम के अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। बैमरु गांव में एलोपैथिक चिकित्सालय में दवाईयां नहीं हैं। विधायक राजेंद्र भंडारी ने अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याओं के तुरंत समाधान के निर्देश दिए। कहा कि सड़क, पानी, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य के मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए। इस मौके पर कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष गजेंद्र राणा, पीपीसी सदस्य सुदर्शन शाह, अरविंद नेगी, राजेंद्र नेगी, प्रधान विनीता देवी और मनोज कुमार आदि मौजूद थे।