कर्णप्रयाग। जिला योजना समिति (डीपीसी) के चुनावों के लिए लॉबिंग शुरू हो गई है। कर्णप्रयाग, गौचर और गैरसैंण नगर पंचायत से एक सदस्य को समिति में जाना है, जबकि तीनों नगर पंचायतों से दो प्रत्याशी अकेले गौचर नगर पंचायत के मैदान में हैं।
डीपीसी के लिए गौचर नगर पंचायत की महिला सभासद इंदु पंवार कांग्रेस से हैं लेकिन डीपीसी चुनावों में निर्दलीय दावेदारी जताई है। कुछ दिन पूर्व भाजपा में शामिल हुए सभासद अनिल नेगी भाजपा से दावेदार हैं। वोटरों की बात करें तो तीनों नगर पंचायतों में 21 वोटर (प्रत्येक में 7-7) हैं। हालांकि पार्टी स्तर पर भाजपा की मजबूत स्थिति है, लेकिन निर्दलीय सभासद गणित बिगाड़ सकते हैं। गौचर में चार सभासद जहां कांग्रेस के पक्ष के हैं वहीं एक निर्दलीय और 2 भाजपा से जुड़े हैं। कर्णप्रयाग में भाजपा के तीन, कांग्रेस का एक और 3 निर्दलीय सभासद हैं, तो गैरसैंण में भाजपा के चार और कांग्रेस के तीन सदस्य हैं। जनसंपर्क में जुटी इंदु पंवार ने कहा कि विकास योजनाओं में पिछड़े कर्णप्रयाग, गैरसैंण और गौचर के लिए काम करना प्राथमिकता में है। अनिल नेगी ने कहा कि विकास कार्यों को गति देना उनकी प्राथमिकता है।
31 को होंगे चुनाव
चमोली में डीपीसी के चुनाव 31 अक्तूबर को होने हैं। इसके लिए नामांकन की तिथि सोमवार और मंगलवार को तय है। समिति में 11 सदस्य जिला पंचायत सदस्यों में से और तीन सदस्य निकाय सभासदों में से चुने जाने हैं। इसके लिए चमोली के नगर पालिका और पंचायतों को तीन वार्डों में बांटा गया है। पहले वार्ड में गोपेश्वर नगर पालिका और नंदप्रयाग नगर पंचायत, दूसरे वार्ड में कर्णप्रयाग, गैरसैंण और गौचर नगर पंचायत जबकि तीसरे वार्ड में जोशीमठ नगर पालिका और पोखरी नगर पंचायत को शामिल किया गया है।