गोपेश्वर। नगर में अमृत गंगा पेयजल योजना की सप्लाई शुरू होने के बाद भी ब्रह्मसैंण के उपभोक्ताओं के हलक प्यासे हैं। यहां जल संस्थान की ओर से पेयजल लाइन तक नहीं बिछाई गई है, जिसके चलते त्योहारोें के दिन भी यहां 25 परिवार पेयजल आपूर्ति के लिए प्राकृतिक जल स्रोत पर निर्भर हैं।
गोपेश्वर नगर से मात्र डेढ़ किमी दूर स्थित ब्रह्मसैंण मोहल्ले के 25 परिवारों के 120 लोगों को पेयजल आपूर्ति के लिए करीब आधा किमी की दूरी तय कर जलस्रोतों पर जाना पड़ रहा है। प्रेम सिंह बिष्ट, योगा सेमवाल और हरीश चंद्र का कहना है कि पानी भरने के चक्कर में त्योहार के काम भी प्रभावित हो रहे हैं। मोहल्ले में सुचारु पेयजल आपूर्ति के लिए तीन वर्षों से जल संस्थान से मांग कर रहे हैं, लेकिन अभी तक विभाग ने समस्या का समाधान नहीं किया। वहीं जल संस्थान के सहायक अधिशासी अभियंता जेपी जोशी का कहना है कि ब्रह्मसैंण मोहल्ले में तीन वर्षों में बसावट बढ़ी है, जिसके चलते पूर्व में यहां पेयजल लाइन नहीं बिछाई गई थी। अब मोहल्ले में बढ़ती आबादी को देखते हुए अमृत गंगा पेयजल योजना की लाइन मोहल्ले में बिछाने का प्रस्ताव रखा गया है। लाइन बिछाने के बाद मोहल्ले में पेयजल आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी।