गोपेश्वर। पिछले एक सप्ताह से चोपता बुग्याल में चल रही साहित्यकार स्व. धर्मानंद उनियाल ‘पथिक’ की रचना उत्तराखंड दर्शन पर आधारित वीडियो एलबम की शूटिंग शनिवार को संपन्न हो गई है। इससे पूर्व बदरीनाथ और पोखरी क्षेत्र में भी वीडियो के कई दृश्य फिल्माए गए। एलबम में बदरीनाथ धाम सहित केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, हेमकुंड साहिब, ज्योतिर्मठ जोशीमठ और चौखंबा पर आधारित गीत ‘तिलक लगावा ईं माटी की, भारत ये भाल की’ जैसी रचनाओं से उत्तराखंड के धार्मिक स्थलों का बखूबी वर्णन है। चोपता क्षेत्र में चौखंबा और सुरम्य बुग्यालों की भी शूटिंग की गई।
एलबम के डायरेक्टर पेजी पंवार और प्रोड्यूसर राकेश उनियाल ने बताया कि बदरीनाथ और चोपता बुग्याल में उन्हें वन विभाग और मंदिर समिति ने शूटिंग करने में परेशान किया। जबकि उत्तराखंड पर्यटक और तीर्थाटन को फोकस करते हुए एलबम का निर्माण किया जा रहा है। उत्तराखंड के धार्मिक और पर्यटन स्थलों को विश्व पटल पर पहचान दिलाने का प्रयास किया गया है। इस मौके पर मुख्य गायिका रेखा धस्माना उनियाल, प्रशांत, रेखा बधानी, संजय सिलोड़ी, ईला भट्ट और कैमरामैन महेंद्र सिंह आदि मौजूद थे।