कर्णप्रयाग। डिम्मर गांव में 12 दिन से तीस परिवार बिना बिजली के रह रहे हैं। बिजली आपूर्ति बहाल न होने से गुस्साए महिला मंगल दल ने ऊर्जा निगम के कार्यालय पर धरना दिया और शीघ्र बिजली सप्लाई न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
महिला मंगल दल अध्यक्ष सरिता देवी के नेतृत्व में ऊर्जा निगम के कार्यालय पर पहुंची महिलाओं ने कहा कि गांव के 30 परिवार 12 दिन से अंधेरे में रह रहे हैं। गांव के लिए सप्लाई हो रही बिजली लाइन के एक फेस में खराबी है। ऊर्जा निगम के अधिकारियों को अवगत कराने पर भी समस्या बनी हुई है। उन्होंने कहा कि अगर गांव में बिजली सप्लाई शीघ्र बहाल नहीं की गई तो, समस्त ग्रामीण ऊर्जा निगम कार्यालय पर तालाबंदी कर उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। ऊर्जा निगम के ईई बीएस पंवार ने बताया कि डिम्मर गांव में एक फेस में आई खराबी से कुछ घरों की बिजली सप्लाई बाधित है। संबंधित जेई और लाइनमैन को समस्या के निस्तारण के लिए कहा गया है। धरना देेने वालोें में गीता देवी, अंबिका देवी, ऊषा देवी, मंजू देवी, बोधनी देवी, अनिता देवी, शांभवी देवी, एकादशी देवी और प्रर्मिला देवी आदि शामिल थे।