चमोली में 764 और रुद्रप्रयाग पहुंचे 53 प्रवासी
विभिन्न राज्यों में फंसे लोगों का घरों को लौटने का सिलसिला जारी
थर्मल स्क्रीनिंग के बाद सभी को क्वारंटीन किया
अमर उजाला ब्यूरो/संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर/देवाल/रुद्रप्रयाग। लॉकडाउन के दौरान विभिन्न राज्यों में फंसे लोगों का जिले में आने का सिलसिला जारी है। शनिवार को चमोली जिले में हरियाणा, दिल्ली और देहरादून से 764 और रुद्रप्रयाग में गुजरात, दिल्ली, राजस्थान से 53 प्रवासी पहुंचे। सभी की थर्मल स्क्रीनिंग की गई जिसमें स्वास्थ्य के आधार पर उन्हें होम व फैसिलिटी क्वारंटीन सेंटर भेजा गया।
चमोली जिले में अभी तक 8000 से अधिक प्रवासी घरों को लौट चुके हैं। शनिवार को हरियाणा, दिल्ली और देहरादून से 764 प्रवासियों को 43 बसों से देहरादून और हरिद्वार से बसों के जरिए जिले में पहुंचाया गया। प्रवासियों के गौचर पहुंचने पर मेला मैदान में स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम ने जांच की। प्रशासन ने प्रवासियों को गौचर में फूड पैकेट भी बांटे। जिले में आए लोगों में से देवाल पहुंचे 80 प्रवासी अपने-अपने गांव पहुंचे। यहां स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंचकर सभी का स्वास्थ्य जांचेगी।
वहीं रुद्रप्रयाग जिले में शनिवार को 53 प्रवासी पहुंचे। इनमें बाहरी राज्यों से 45, जबकि प्रदेश के अन्य क्षेत्रों से 8 लोग शामिल थे। दोपहर बाद गुजरात, दिल्ली, राजस्थान से प्रवासियों को लेकर उत्तराखंड परिवहन निगम की बसें स्टेजिंग एरिया गुलाबराय मैदान पहुंचीं थीं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने थर्मल स्क्रीनिंग कर उनकी स्वास्थ्य जांच की। इसके बाद उन्हें होम और संस्थागत क्वारंटीन कर दिया। जिले में पांच दिनों में कुल 1411 प्रवासी पहुंच चुके हैं।
गुरुग्राम से 34 बसों में सवार होकर कोटद्वार पहुंचे 800 लोग
कोटद्वार। शनिवार को गुरुग्राम से रोडवेज की 34 बसों में सवार होकर करीब 800 लोग गुरुग्राम से कोटद्वार पहुंचे। गुरुग्राम से कोटद्वार के बीच हरियाणा और उत्तर प्रदेश के विभिन्न चेक पोस्टों पर इंट्री और थर्मल स्क्रीनिंग कराने के बाद अपराह्न दो बजे से बसें यूपी-उत्तराखंड की सीमा पर कौड़िया चेकपोस्ट पहुंचनी शुरू हुई। 34 बसों में सवार लोगों को ग्रास्टनगंज पंचायत भवन परिसर में लाया गया। यहां पर शारीरिक दूरी का पालन करते हुए सभी यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। सभी को कोटद्वार महाविद्यालय, गुरुद्वारा, हिंदू पंचायती धर्मशाला आदि स्थानों पर ठहराया गया और रविवार सुबह उन्हें पौड़ी जिले के दुगड्डा, यमकेश्वर, द्वारीखाल, जयहरीखाल, रिखणीखाल, नैनीडांडा, थलीसैंण, एकेश्वर, पाबौ, पौड़ी, खिर्शू, कोट, कल्जीखाल, पोखड़ा और बीरोंखाल ब्लाकों की ओर रोडवेज की बस से भेजा जाएगा। एसडीएम योगेश मेहरा ने बताया कि रविवार सुबह उन्हें गंतव्यों के लिए रवाना किया जाएगा।
-------------------------------------------------------------
घर में रहने के बजाय घूम रहे बाजार
देवाल/कोटद्वार। तीन व चार अप्रैल को बाहरी जिलों से देवाल क्षेत्र में करीब 150 लोग पहुंचे थे, जिसमें कई होम क्वारंटीन के बजाय बाजार व गांव में घूम रहे हैं। लिंगड़ी गांव के राजेंद्र सिंह ने बताया कि कई लोग होम क्वारंटीन का पालन नहीं कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से बाहरी जिलों से पहुंचे लोगों को क्वारंटीन सेंटर में रखने की मांग की।
वहीं कोटद्वार में उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड की सीमा पर स्थित कौड़िया चेक पोस्ट पर रोजाना कई लोग अन्य राज्यों और क्षेत्रों से पास लेकर पहुंच रहे हैं। लोगों को प्रशासन होम क्वारंटीन कर रहा है। उनकी निगरानी के लिए शिक्षकों को तैनात किया जा रहा है लेकिन लोग घरों के बजाय बाहर घूम रहे हैं। नाम न छापने की शर्त पर शिक्षकों ने बताया कि कोटद्वार में दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, बिजनौर, राजस्थान, गुजरात, चंडीगढ़, गुरुग्राम, देहरादून व हरिद्वार आदि से लोग रोडवेज बसों में आए। कई लोग निजी पास पर कोटद्वार पहुंच रहे हैं, लेकिन अधिकतर लोग क्वारंटीन होने के बजाय घरों में परिवार के साथ रह रहे हैं और बाजार में घूम रहे हैं। एसडीएम ने कहा कि नियमों का उल्लंघन कर रहे लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रवासियों के साथ की पार्टी, प्रधान पति परिवार सहित क्वारंटीन
बैजरो। बीरोंखाल ब्लाक के अंतर्गत ग्राम बिरगणा के प्रधान पति को होम क्वारंटीन प्रवासियों के साथ पार्टी करनी भारी पड़ गई। कोरोना नोडल अधिकारी ने मामले का संज्ञान लेते हुए प्रधान पति को परिवार सहित होम क्वारंटीन कर दिया है। साथ ही उप प्रधान को 14 दिन तक गांव की सूचना देने के लिए अधिकृत कर दिया है। कोरोना नोडल अधिकारी विकास कपटियाल ने बताया कि शिकायत मिली थी कि प्रधान पति गांव के विद्यालय में क्वारंटीन किए युवकों के साथ पार्टी कर रहा है। जांच के लिए गांव गए तो सूचना सही मिली। इसके बाद प्रधान पति को परिवार के साथ होम क्वारंटीन कर दिया।
---------------------------------------------
क्वारंटीन सेंटर के लिए प्रशासन को दिया अपना होटल
बड़कोट। कोरोना महामारी से संकट के इस समय होटल व्यवसायी जिला पंचायत सदस्य आनंद सिंह राणा ने अपना 40 बेड का होटल प्रशासन को क्वारंटीन सेंटर के लिए निशुल्क सौंपा है। ताकि बाहरी राज्यों व जनपदों से आने वाले प्रवासियों को क्वारंटीन की सुविधा प्रदान की जा सके। राणा ने कहा कि बाहरी क्षेत्रों से लौटने वाले प्रवासियों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है, जिसके चलते इन सभी लोगों को क्वारंटीन करने के लिए सरकारी भवन कम पड़ सकते हैं। इस समस्या को देखते हुए उन्होंने अपने होटल में क्वारंटीन सेंटर बनाने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को नगर पालिका प्रशासन ने होटल को सैनिटाइज कर क्वारंटीन की व्यवस्था तैयार कर ली है। उन्होंने अन्य सभी लोगों से भी एकजुट होकर वैश्विक आपदा की इस घड़ी में शासन प्रशासन को सहयोग प्रदान करने की अपील की। ताकि इस महामारी को फैलने से रोका जा सके। संवाद