पीपलकोटी। चारधाम यात्रा शुरू होने से पहले पीपलकोटी बाजार में बदरीनाथ हाईवे पर डामरीकरण न करने पर व्यापारियों और लोगों ने एनएच के प्रोजेक्ट मैनेजर गजेंद्र गौड़ का घेराव किया। करीब आधा घंटे तक लोगों ने उन्हें बाजार में घेरे रखा। प्रोजेक्ट मैनेजर की ओर से जल्द बाजार में डामरीकरण के आश्वासन के बाद व्यापारी शांत हुए।
करीब दो सप्ताह पूर्व एनएच की ओर से पीपलकोटी बाजार में जगह-जगह गड्ढों में मिट्टी भरान किया, लेकिन बारिश होने पर मिट्टी बह गई और गड्ढे तालाब में तब्दील होने लगे। वाहनों की आवाजाही से गंदा पानी व्यापारियों के प्रतिष्ठानों में घुस रहा था और ग्रामीण पीपलकोटी बाजार में बदरीनाथ हाईवे पर डामरीकरण की मांग कर रहे थे। बुधवार को सुबह दस बजे एनएच के प्रोजेक्ट मैनेजर गजेंद्र गौड़ वाहन से चमोली बाजार की ओर जा रहे थे तभी पीपलकोटी में व्यवसायियों और स्थानीय लोगों ने उनके वाहन को रोका और प्रोजेक्ट मैनेजर का घेराव किया। व्यापार संघ अध्यक्ष मोहन राणा ने कहा कि चारधाम यात्रा शुरू होने वाली है, लेकिन बदरीनाथ हाईवे की हालत जगह-जगह बदहाल बनी है। पीपलकोटी बाजार में हाईवे से जगह-जगह डामर उखड़ा हुआ है। उन्होंने यात्रा से पहले हाईवे पर डामरीकरण की मांग उठाई। लोगों ने कहा कि एनएच की ओर से हाईवे के संरक्षण पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। लोगों की मांग पर प्रोजेक्ट मैनेजर ने शीघ्र बाजार में हाईवे पर डामरीकरण करने का आश्वासन दिया। तब लोग शांत हुए। इस मौके पर होटल व्यवसायी सज्जन लाल शाह, संतू लाल शाह, महेशा लाल, संतोष, संजय भंडारी, सुशील हटवाल, राहुल भट्ट और सुनील शाह आदि मौजूद थे।