जोशीमठ। बर्फबारी होने से जोशीमठ-औली मोटर मार्ग से बर्फ हटाने का कार्य बृहस्पतिवार को प्रभावित हो गया है, जिससे पर्यटकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पर्यटक औली आ रहे हैं लेकिन जोशीमठ-औली मार्ग बंद होने पर उन्हें कवांण बैंड से तीन किमी पैदल चलकर औली पहुंचना पड़ रहा है। तो कई पर्यटक रोपवे से जा रहे हैं।
आठ दिनों से औली मोटर मार्ग बर्फ जमी होने से अवरुद्ध पड़ा है। बृहस्पतिवार को भी दिनभर औली में बर्फबारी होती रही, जिससे यहां करीब पांच फीट तक बर्फ जम गई है। लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता बुद्धिराम भट्ट का कहना है कि लगातार हो रही बर्फबारी से औली मार्ग को सुचारु नहीं किया जा सका है। मौसम सामान्य होने पर जेसीबी की मदद से मार्ग खोल दिया जाएगा। इधर, पर्यटन व्यवसायी संतोष कुंवर का कहना है कि औली में हो रही बर्फबारी से पर्यटन व्यवसाय बढ़ने के आसार हैं। उन्होंने औली मार्ग को स्नो कटर मशीन से खुलवाने की मांग उठाई।