गैरसैंण। नगर में आए दिन लग रहे वाहनों के जाम से निजात दिलाने के लिए पुलिस और प्रशासन ने टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों से वार्ता की। एसडीएम किशन सिंह नेगी और थाना प्रभारी रविंद्र सिंह नेगी ने रामगंगा टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों से रोटेशन के तहत टैक्सी स्टैंड पर दो टैक्सी मैक्सी संचालित करने के निर्देश दिए। कहा कि नगर के नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहनों से जाम की स्थिति पैदा हो रही है। उन्होंने वाहन स्वामियों से नगर की ट्रैफिक व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में सहयोग करने का आह्वान किया। टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष दान सिंह ने पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने का आश्वासन दिया।