पोखरी। नगर के कूड़े के निस्तारण के लिए कूड़ा निस्तारण केंद्र न होने से पोखरी नगर पंचायत की दिक्कतें बढ़ गई हैं। यहां पोखरी नगर के कूड़े का गोदी गांव के समीप निस्तारण किया जा रहा है, जिससे गोदी गांव के ग्रामीणों को दिक्कतें हो रही हैं। ग्रामीण इसका विरोध कर रहे हैं। नगर पंचायत को दूसरी जगह न मिलने के कारण कूड़े का सही ढंग से निस्तारण नहीं हो पा रहा है।
नगर पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मी प्रसाद पंत ने जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजकर शीघ्र नगर में कूड़ा निस्ताकरण केंद्र के लिए भूमि उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि गत वर्ष 18 दिसंबर को मुख्यमंत्री ने पोखरी मेले में कूड़ा निस्ताकरण केंद्र के लिए भूमि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन आज तक इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया है। इधर, पोखरी के तहसीलदार आरके सुयाल का कहना है कि कर्णप्रयाग रोड पर भूमि चयनित की गई है, लेकिन इस पर वन भूमि का अड़ंगा लग रहा है। कूड़ा निस्तारण के लिए जल्द अन्यत्र भूमि चयनित कर दी जाएगी।