मृतकों के परिवार को मिले 50 लाख का मुआवजा
गोपेश्वर। विभिन्न संगठनों ने ऋषिगंगा की बाढ़ में जान गंवाने वालों के परिजनों को 50 लाख रुपये मुआवजा देने और मृतकों के परिवार से एक व्यक्ति को स्थायी रोजगार दिलाने की मांग की। साथ ही घायलों को दो लाख रुपये और गंभीर घायलों को पांच लाख की सहायता भी दी जाए।
सीएम को भेजे ज्ञापन में कहा गया कि केंद्र और राज्य सरकार की तरफ से दी जाने वाली राहत राशि काफी कम है। इसको बढ़ाया जाना चाहिए। क्षेत्र के सभी प्रभावितों का स्थायी पुनर्वास किया जाए। उन्होंने सहायता केंद्र खोलकर लापता मजदूरों व स्थानीय लोगों के बारे में परिजनों को जानकारी देने, आवाजाही से कटे गांवों में स्थायी आवाजाही की व्यवस्था होने तक निशुल्क राशन व अन्य सामान की आपूर्ति करने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में सीटू के जिलाध्यक्ष मदन मिश्रा, किसान सभा के सह सचिव ज्ञानेंद्र खंतवाल, उपाध्यक्ष भूपाल सिंह रावत, जनवादी महिला समिति की जिला सचिव गीता बिष्ट और डीवाईएफआई के कोषाध्यक्ष गजे सिंह बिष्ट आदि शामिल थे।