ब्लाक घाट के वादुक, गुलाडी और सितेल गांवों के करीब 48 ग्रामीण एक सप्ताह से बुखार की चपेट में हैं। ग्रामीणों की स्थिति नाजुक है, जबकि विभागीय अधिकारी ऐसी किसी भी सूचना से इंकार कर रहे हैं।
ब्लॉक के वादुक, गुलाडी और सितेल गांव में दो हजार की आबादी निवास करती है। इन गांवों का स्वास्थ्य केंद्र करीब 15 किमी दूर घाट में है। ऐसे में बीमार ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचने में असमर्थ हैं और घरेलू उपचार के सहारे बीमारी से निजात पाने का प्रयास कर रहे हैं।
गुलाड़ी के उप प्रधान प्रदीप नेगी का कहना है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र घाट के अधिकारियों को मामले की जानकारी दे दी थी, लेकिन एक सप्ताह बाद भी न कोई टीम भेजी गई और न ही कोई व्यवस्था की गई है।
ग्रामीण रमा देवी, मथुरा देवी, प्रेमा देवी, विजय प्रसाद और आशा देवी कहती हैं कि बुखार के कारण बिस्तर से उठ भी नहीं पा रही हैं, जिससे 15 किमी दूर स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंच पाना कठिन है।
वहीं मुख्य चिकित्साधिकारी डा. अजीत गैरोला का कहना है कि वादुक, गुलाडी और सितेल में ग्रामीणों के स्वास्थ्य खराब होने की जानकारी नहीं मिली है। मामले में जानकारी लेकर शीघ्र गांवों के लिए टीम रवाना कर दी जाएगी।