गोपेश्वर। श्रीदेव सुमन विवि के गोपेश्वर कैंपस में उत्तराखंड मुक्त विवि हल्द्वानी का अध्ययन केंद्र भी स्थापित हो गया है। अब जो छात्र-छात्राएं किन्हीं कारणों से संस्थागत पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं, वे उत्तराखंड मुक्त विवि से उच्च शिक्षा में अपनी पढ़ाई पूरी कर सकते हैं।
अध्ययन केंद्र के समन्वयक डा. एके अवस्थी ने बताया कि वर्तमान शिक्षा सत्र से ही बीए, बीएससी और बीकॉम के सभी विषयों में अध्ययन केंद्र में प्रवेश दिया जा रहा है। जबकि एमए में हिंदी, अंग्रेजी, अर्थशास्त्र, राजनीति विज्ञान, समाजशास्त्र, भूगोल, संस्कृत, शिक्षाशास्त्र और इतिहास विषय में प्रवेश दिया जा रहा है। इसके अलावा छात्र-छात्राएं अध्ययन केंद्र में पत्रकारिता जनसंचार, एवं कंप्यूटर एप्लिकेशन जैसे व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में भी प्रवेश ले सकते हैं। कैंपस के मीडिया कोऑर्डिनेटर डा. डीएस नेगी ने बताया कि गढ़वाल विवि और श्रीदेव सुमन विवि की ओर से पिछले वर्ष से प्राइवेट परीक्षाओं का संचालन बंद कर दिया है, जिससे निर्धन और कामकाजी अभ्यर्थी अपनी पढ़ाई पूरी नहीं कर पा रहे थे। अब गोपेश्वर कैंपस में दूरस्थ अध्ययन केंद्र खुलने से ऐसे छात्र-छात्राओं को फायदा मिलेगा। गोपेश्वर कैंपस में अध्ययन केंद्र संचालित होने पर छात्रसंघ अध्यक्ष अमित मिश्रा, विवि प्रतिनिधि विपिन फर्स्वाण, उपाध्यक्ष सौरभ भाटिया, महासचिव दिव्या नेगी, दीपक सिंह और मनोज सिंह ने इसका श्रेय प्राचार्य डा. आरके गुप्ता को दिया।