कर्णप्रयाग। ब्लॉक के ग्राम पंचायत डिम्मर के टटासू गदेरे के पेयजल स्रोत पर फिल्टर नहीं लगाए जाने से विद्यापीठ और टटासू बस्ती के ग्रामीण दूषित पानी पीने को विवश हैं। उपभोक्ता हर्षवर्द्धन डिमरी, सत्य प्रसाद खंडूड़ी, महेश चंद्र डिमरी, संतोष कुमार और जयदीप गैरोला आदि ने बताया कि विद्यापीठ और टटासू आवासीय बस्ती के ग्रामीणों की मांग पर जल संस्थान की ओर से टटासू गदेरे के स्रोत से पेयजल योजना बनाई गई। विभागीय अभियंताओं और ठेकेदार की लापरवाही के कारण पेयजल स्रोत पर फिल्टर नहीं लगाया गया और न ही टैंक की नियमित सफाई की जा रही है। उन्होंने कहा यदि पेयजल योजना पर जल्द फिल्टर नहीं लगाया गया तो ग्रामीणों को आंदोलन के लिए विवश होना पड़ेगा। जल संस्थान के अवर अभियंता जेएस बिष्ट ने बताया कि टटासू गदेरे के पेयजल स्रोत पर जल्द फिल्टर लगा दिए जाएंगे। पेयजल टैंकों की सफाई के लिए विभागीय कर्मी को निर्देशित कर दिया जाएगा।