कर्णप्रयाग/गौचर। गौचर खेल मैदान में आयोजित ब्लाक स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में न्याय पंचायत झिरकोटी का दबदबा रहा। न्याय पंचायत झिरकोटी ने 200, 1500 और 3000 मीटर दौड़ के साथ ही गोला फेंक और खोखो में पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं मज्याड़ी न्याय पंचायतों के खिलाड़ियों ने भी बेहतर प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिताओं के दूसरे दिन हुई 200 मीटर दौड़ में मज्याड़ी के प्रशांत राणा और झिरकोटी की निकिता ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि झिरकोटी के संजय और महिमा दूसरे स्थान पर रहे। 1500 और 3000 हजार मीटर दौड़ में झिरकोटी के पवन राणा-अंजलि प्रथम और झिरकोटी के ही प्रवीन-करीना द्वितीय रहे। चक्का फेंक में सोनला के अनिल और कंडारा की ज्योति प्रथम जबकि सोनला के अभय रावत और मज्याड़ी की सपना ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। गोला फेंक में सोनला के अनिल और झिरकोटी की मीना प्रथम, सोनला के अजय सिंह और शिक्षा पुंडीर द्वितीय रहे। बैडमिंटन के एकल वर्ग में मज्याड़ी की सपना प्रथम और प्रिया द्वितीय, युगल वर्ग में मज्याड़ी की प्रिया और झिरकोटी की दीपशिखा की जोड़ी प्रथम, मज्याड़ी की सपना और बैशाली की जोड़ी द्वितीय स्थान पर रही। खोखो बालिका वर्ग में झिरकोटी न्याय पंचायत प्रथम रहा। इस अवसर पर क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी संदीप पंत, बीएस राणा, विनोद नेगी, रजनी नेगी, पानू चौहान, संध्या पुंडीर आदि मौजूद थे।