हेमकुंड साहिब में श्रद्धालुओं की संख्या तेजी से बढ़नेे लगी है। शनिवार को 350 श्रद्धालु हेमकुंड साहिब पहुंचे, जबकि 550 श्रद्धालु शनिवार को गोविंदघाट से घांघरिया पहुंच गए हैं।
इस साल हेमकुंड साहिब के कपाट चार सितंबर को खुले थे और 10 अक्तूबर को कपाट बंद हो जाएंगे। चार माह 10 दिन तक श्रद्धालुओं के लिए खुलने वाले हेमकुंड साहिब के कपाट इस साल मात्र 36 दिनों के लिए खुले हैं। कपाट बंद होने की तिथि नजदीक आने पर अधिक से अधिक श्रद्धालु हेमकुंड साहिब पहुंचना चाहते हैं। इसके चलते अब यात्रा रूट पर डंडी-कंडी और घोड़े खच्चरों सहित अन्य व्यवस्थाएं कम पड़ने लग गई हैं। होटल और दुकानें कम खुलने से भी दिक्कत हो रही है। वहीं गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के वरिष्ठ प्रबंधक सेवा सिंह ने बताया कि अब यात्रा रफ्तार पकड़ने लगी है। अभी तक 5250 श्रद्धालु हेमकुंड साहिब पहुंच चुके हैं। आने वाले दिनों में पांच हजार से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। ऐसे में व्यवस्था को लेकर दिक्कत बढ़ जाएगी।