श्रीनगर से कर्णप्रयाग के बीच 66 केवी की विद्युत लाइन पर फाल्ट आने से जिले के दशोली, घाट और जोशीमठ विकासखंड के करीब 300 गांवों में दिनभर विद्युत सप्लाई बाधित रही। भारी बारिश के दौरान शनिवार को रात करीब 12 बजकर 20 मिनट पर विद्युत सप्लाई ठप पड़ गई थी। रविवार को ऊर्जा निगम के कर्मचारियों ने पेट्रोलिंग कर फाल्ट की ढूंढ खोज की तो कर्णप्रयाग में आईटीआई के पास लाइन का जंफर टूटा मिला। शाम छह बजे विद्युत सप्लाई सुचारु हो सकी। ऊर्जा निगम के ईई कैलाश कुमार ने बताया कि कर्णप्रयाग के पास लाइन पर फाल्ट आ गया था, जिसे सुचारु कर लिया गया है।