गैरसैंण। राजकीय महाविद्यालय गैरसैंण के छात्र-छात्राओं ने प्राचार्य डा. एआर अंसारी के महाविद्यालय में दोबारा भेजे जाने पर रोष जताया और उनका पुतला फूंका।
छात्र संघ अध्यक्ष कलम सिंह ने बताया कि विगत माह प्राचार्य एआर अंसारी और महाविद्यालय के एक प्रवक्ता के बीच आपसी विवाद होने से कॉलेज का माहौल खराब होने के कारण उच्च शिक्षा निदेशालय ने दोनों का अन्यत्र स्थानांतरण कर दिया था। अब निदेशालय से पुन: प्राचार्य डा. एआर अंसारी को राजकीय महाविद्यालय गैरसैंण भेज दिया गया है। शुक्रवार को प्राचार्य के पुन: महाविद्यालय आने से आक्रोशित छात्र-छात्राओं ने उनको कॉलेज से हटाने की मांग के लिए नारेबाजी की और उनका पुतला फूंका। उन्होंने कहा यदि जल्द प्राचार्य डा. एआर अंसारी को नहीं हटाया गया तो उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस मौके पर शिशुपाल सिंह, नेहा मेहरा, सरस्वती, शिवम पंवार आदि छात्र-छात्राएं मौजूद थे।