गोपेश्वर। जिला प्रशासन की ओर आयोजित जन सुनवाई शिविर में सात शिकायतें दर्ज हुईं। डीएम स्वाति एस भदौरिया ने शिकायतों के निस्तारण के लिए विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए।
जिला सभागार में आयोजित शिविर में प्राथमिक विद्यालय बांजबगड़ पीटीए की ओर से विद्यालय भवन के पुनर्निर्माण की मांग की गई। बताया गया कि पूर्व में विभाग की ओर से विद्यालय को 3 लाख का अनुदान स्वीकृति किया गया था, लेकिन वर्तमान तक विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इस पर डीएम ने जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक को विद्यालय भवन के पुनर्निर्माण की कार्रवाई शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत कठूड के ग्रामीणों ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय में मिड-डे मील योजना के संचालन में हो रही दिक्कतों के निदान की मांग की। इस पर डीएम ने संबंधित विभागीय अधिकारी को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं सिरौं गांव निवासी रघुनाथ सिंह ने अपनी पोती कुमारी प्रिया को नौ माह से दिव्यांग पेंशन ने मिलने की शिकायत की। स्वास्थ्य केंद्र बेमरु व अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र नंदप्रयाग के कर्मचारियों व चिकित्सकों ने सात माह से वेतन भुगतान न होने, पपडियाणां के राजू लाल ने अपने खेत में किसी व्यक्ति की ओर से अतिक्रमण करने, बाम्पा गांव निवासी बबली देवी ने उपचार के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। वहीं सैकोट की लक्ष्मी देवी ने पीआरडी में नामांकन करवाने की मांग की। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी हंसा दत्त पांडे, डा. दिनेश चौहान, दीपक भट्ट, जीएस रावत, नरेंद्र यादव और सुरेंद्र कुमार आदि मौजूद थे।