गोपेश्वर। बर्फ से ढके चमोली में ऊंचाई वाले क्षेत्रों के विद्यालय शुक्रवार को खुल गए। बच्चे और शिक्षक बारिश-बर्फबारी के बीच ठिठुरते हुए स्कूल पहुंचे। इस स्थिति पर मुख्य शिक्षा अधिकारी ने विद्यालयों में परिस्थिति के अनुसार सभी ब्लाक के खंड शिक्षा अधिकारी को स्कूलों में अवकाश घोषित करने के आदेश दिए।
लगातार बदलते मौसम के कारण चमोली जिले के 150 से अधिक गांव बर्फ से ढके हैं। इनमें से जोशीमठ, दशोली, घाट, देवाल और पोखरी ब्लाक के ऐसे विद्यालय भी हैं, जो बर्फ से प्रभावित हुए हैं। शुक्रवार को ऊंचाई वाले क्षेत्रों के विद्यालयों में शीतकालीन अवकाश के बाद विद्यालयों का संचालन शुरू हुआ, लेकिन दिनभर बारिश और बर्फबारी के कारण बच्चे ठिठुरते हुए स्कूल पहुंचे। यहां बच्चों और शिक्षकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसे देखते हुए शिक्षा विभाग ने जिले के सभी ब्लाक के खंड शिक्षा अधिकारियों को बारिश और बर्फबारी होने पर परिस्थिति और विवेक के अनुसार विद्यालयों में अवकाश घोषित करने का आदेश जारी किया। सीईओ ललित मोहन चमोला का कहना है कि बीईओ को अवकाश घोषित करने का जिम्मा सौंपा गया है। जिलाधिकारी को भी इस संबंध में अवगत करा दिया गया है।