पोखरी में अघोषित बिजली कटौती से ग्रामीण परेशान
बैंक और पोस्ट ऑफिस में नहीं हो रहे ऑनलाइन कार्य
बोर्ड परीक्षार्थी भी झेल रहे दिक्कत
अमर उजाला ब्यूरो
पोखरी। लंबे समय से क्षेत्र में चल रही अघोषित बिजली कटौती से ग्रामीण परेशान हो गए हैं। बिजली आपूर्ति ठप होने से बैंक और पोस्ट ऑफिस में ऑनलाइन काम ठप पड़ा है। साथ ही उत्तराखंड बोर्ड के परीक्षार्थियों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जनप्रतिनिधियों ने शीघ्र क्षेत्र में बिजली आपूर्ति सुचारु न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
पोखरी क्षेत्र के लिए गौचर से 33 केवी की बिजली लाइन से सप्लाई हो रही है। डेढ़ माह से आईपीडीएस (इंटरग्रेटेड पावर डेवलपमेंट स्कीम) के तहत बिजली लाइन का सुधारीकरण कार्य चल रहा है, जिससे पोखरी क्षेत्र में सुबह से शाम तक बिजली बाधित रहती है। नगर पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मी प्रसाद पंत, ब्लॉक प्रमुख विनीता देवी, बदरीनाथ विधायक के प्रतिनिधि रमेश चौधरी, विक्रम नेगी, नेत्र सिंह वासकंडी और जितेंद्र सती का कहना है कि बार-बार ऊर्जा निगम के अधिकारियों से शिकायत के बाद भी सुचारु बिजली आपूर्ति नहीं हो पा रही है। इन दिनों उत्तराखंड की बोर्ड परीक्षाएं भी चल रही हैं, जिससे छात्र-छात्राओं को पठन-पाठन में दिक्कतें हो रही हैं। इधर, ऊर्जा निगम के ईई डीएस चौधरी का कहना है कि 33 केवी की बिजली लाइन पर सुधारीकरण कार्य चल रहा है। दिनभर में चार घंटे तक बिजली सप्लाई रोकी जा रही है। जल्द ही स्थिति सामान्य हो जाएगाी।