ज्योतिर्मठ। ज्योतिर्मठ विकासखंड के भूस्खलन प्रभावित पगनो और उर्गम के 22 परिवारों को पुनर्वास की पहली किश्त जारी कर दी गई है। इसमें पगनो के 19 और उर्गम के बड़गिंडा तोक के तीन परिवार शामिल हैं। बृहस्पतिवार को प्रभावित परिवारों को तहसील में धनराशि के चेक दिए गए।
बीते दो दिसंबर को जिलाधिकारी संदीप तिवारी की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय पुनर्वास समिति ने पुनर्वास के लिए 192.50 लाख रुपये की स्वीकृति दी और धनराशि तहसील ज्योतिर्मठ को हस्तांतरित कर दी गई। इसी क्रम में तहसील प्रशासन ने प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए 22 परिवारों को बृहस्पतिवार को पहली किश्त जारी कर दी और तहसील में प्रभावित परिवारों को धनराशि के चेक दिए। एसडीएम चंद्रशेखर वशिष्ठ ने बताया कि पगनो के 19 और बड़गिंडा तोक के तीन परिवारों को किश्त जारी की गई है। अन्य परिवारों को भी जल्द किश्त जारी कर दी जाएगी।