डीएम ने पोषण ट्रैकर एप के माध्यम से ली बैठक
आंगनबाड़ी केंद्रों में गुणवत्ता व मानकोनुसार पोषण आहार देने के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
गोपेश्वर। जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने पोषण ट्रैकर एप के माध्यम से कुपोषित व अति कुपोषित बच्चों की संख्या को लेकर समीक्षा बैठक की। बताया गया कि जिले में वर्तमान में 186 बच्चे कुपोषित और 45 बच्चे अतिकुपोषित हैं। डीएम ने आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण और आहार वितरण गुणवत्ता व मानक के अनुसार देने के निर्देश दिए। साथ ही सीडीपीओ की ओर से सही जानकारी न देने पर डीएम ने नाराजगी जताई।
जिलाधिकारी ने बैठक में बाल विकास परियोजना अधिकारी को निर्देश दिए कि वे स्वयं क्षेत्र में भ्रमणकर आंगनबाड़ी केंद्रों की भौतिक स्थिति, कार्य संचालन, उपस्थिति रजिस्टर व गतिविधियों की निगरानी करें। सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के वजन व ऊंचाई नियमित माप की जाए। बैठक में ज्योतिर्मठ के सीडीपीओ अभिजीत कुमार सही जानकारी नहीं दे पाए जिसपर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए भविष्य में पूरी तैयारी के साथ बैठक में आने के निर्देश दिए। डीएम ने आंगनबाड़ी केंद्रों की ओर से पोषण ट्रैकर पोर्टल पर बच्चों, गर्भवती महिलाओं व धात्री माताओं का डेटा समयबद्ध अपलोड करने, कुपोषित व अति कुपोषित बच्चों का स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से स्वास्थ्य परीक्षण करते हुए नियमित फालोअप करने को कहा। जिला कार्यक्रम अधिकारी हिमांशु बडोला ने बताया कि पोषण ट्रैकर ऐप के माध्यम से जिले में 17234 बच्चों को ट्रैक किया जा रहा है। जून माह में 186 बच्चे कुपोषित और 45 बच्चे अतिकुपोषित की श्रेणी में चिह्नित किए गए हैं। बैठक में सीडीओ डॉ. अभिषेक त्रिपाठी के अलावा सभी बाल विकास परियोजना अधिकारी वर्चुअली जुड़े रहे।