जोशीमठ। गुलाबकोटी गांव के शीर्ष भाग पर स्थित चट्टान से हो रहे भूस्खलन से गांव को खतरा पैदा हो गया है। जिससे गांव के 20 परिवार खतरे की जद में आ गए हैं। वहीं, तहसील प्रशासन ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मौके पर जाकर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। इन दिनों हुई बारिश और बर्फबारी के कारण गत 25 फरवरी से गांव के शीर्ष भाग में स्थित चट्टान से भूस्खलन हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि चट्टान पर बड़े-बड़े बोल्डर अटके हुए हैं, जो कभी भी गांव में तबाही मचा सकते हैं। प्रभावित विजयराम, अनसूया वैष्णव, विजय प्रसाद और अयोध्या प्रसाद का कहना है कि चट्टान से रुक-रुककर भूस्खलन हो रहा है। यदि समय रहते यहां अटके बोल्डरों का निस्तारण नहीं किया गया तो गांव को खतरा पैदा हो सकता है। इधर, जोशीमठ के तहसीलदार चंद्रशेखर वशिष्ठ का कहना है कि लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को शीघ्र स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद जल्द ही भूस्खलन का ट्रीटमेंट किया जाएगा।