गोपेश्वर। स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित बालक ओपन वर्ग की राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता में शनिवार को कोटद्वार, टिहरी और नैनीताल की टीमों ने अपने-अपने मैच जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया। बारिश के बावजूद खिलाड़ियों में उत्साह बना रहा।
जिला खेल विभाग की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में पहला मैच कोटद्वार और यूएस नगर के बीच खेला गया। कोटद्वार ने यूएस नगर को 3-1 से हराया। कोटद्वार की ओर से खिलाड़ी बाबू पाल, राहुल और पंकज ने मैच के 15 वें, 55वें और 60वें मिनट में एक-एक गोल दागे। द्वितीय मैच में टिहरी जिले ने हरिद्वार की टीम को 2-0 से हराया। विजेता टीम की ओर से खिलाड़ी योगेश व सूरज ने 56 व 62वें मिनट में एक-एक गोल किए। यह मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। हरिद्वार की टीम अंतिम क्षणों तक डटी रही, लेकिन टिहरी के खिलाड़ियों के सामने उनके शॉट नाकाफी ही रहे। तीसरा मैच नैनीताल और देहरादून की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें नैनीताल की टीम ने 2-0 से जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया। नैनीताल की ओर से खिलाड़ी ऋतिक और वीरेंद्र थापा ने 64 और 60वें मिनट में एक-एक गोल किए, जबकि देहरादून के खिलाड़ी एक भी गोल नहीं कर सके। इस मौके पर उत्तराखंड फुटबॉल एसोसिएशन के रेफरी वीरेंद्र बिष्ट, अतुल पुरोहित, राकेश रावत, तनवीर अहमद, नवीन कुंवर, आशीष पटवाल, अजीत सिंह, केसी पंत, पृथ्वी सिंह रावत आदि मौजूद थे।